कीर्तन मंडली के सभी सदस्यों का एक साथ धार्मिक यात्रा करना अच्छी पहल : श्री सुरेश शर्मा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजसेवी एवं चिकित्सक श्री सुरेश शर्मा ने कहा कि कीर्तन मंडली के सभी सदस्यों का एक साथ तीर्थयात्रा करने का निर्णय अत्यंत सराहनीय है। सभी सदस्यों ने मिलकर भगवान जगन्नाथ जी के दर्शन किए और वहां भजन-कीर्तन किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार सभी सदस्य मिलकर विभिन्न तीर्थस्थलों की यात्रा करते रहें और धर्म-संस्कृति के प्रचार-प्रसार में योगदान दें।
जुर्डा के युवाओं ने प्रस्तुत किया प्रेरणादायी उदाहरण
युवाओं में संकीर्तन, नाम-जप और धर्म प्रचार के प्रति बढ़ती रुचि समाज के लिए सकारात्मक संदेश है। इसी भावना के साथ श्री श्री हरि संकीर्तन्य मंडली श्री क्षेत्र पुरी पहुंची और श्रद्धा-भक्ति के साथ श्री जगन्नाथ महाप्रभु के श्री मंदिर के सामने संकीर्तन एवं हरिनाम प्रचार किया।
सनातन संस्कृति की जागृति के लिए सदैव तत्पर युवा कथावाचक एवं ग्राम पुरोहित डॉ. महेंद्र मिश्रा ने कहा कि मानस में काकभुशुंडी जी ने भी कहा है, “निज अनुभव अब कहउँ खगेसा। बिनु हरि भजन न जाहिं कलेसा।” उन्होंने कहा कि धर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति, संस्कार और समाज को जोड़ने का माध्यम भी है। इसी उद्देश्य से धार्मिक एवं आध्यात्मिक क्षेत्रों में जाकर संकीर्तन करने और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का संकल्प लिया गया है। इसी क्रम में आगामी 21 सितंबर से यह टोली अयोध्या, हरिद्वार, वृंदावन की यात्रा में निकलेगी।
कीर्तन मंडली के सदस्यों ने साझा किया पुरी धाम यात्रा का अनुभव
जगन्नाथ पुरी धाम की यात्रा से लौटे कीर्तन मंडली के सदस्यों ने समारोह में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि सभी सदस्य यात्रा के लिए एकमत हुए और श्रीक्षेत्र पुरी पहुंचकर श्री मंदिर के समक्ष भजन-कीर्तन किया। भगवान जगन्नाथ प्रभु के दर्शन प्राप्त करना और वहां के पवित्र धार्मिक वातावरण में संकीर्तन करना सभी के लिए अलौकिक अनुभूति रही।
सदस्यों ने बताया कि यात्रा के दौरान उन्हें धर्म, भक्ति और आपसी एकता का विशेष अनुभव हुआ। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की धार्मिक यात्राएं समाज में भाईचारा बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं को अपनी जड़ों, संस्कारों और सनातन संस्कृति से जोड़ने का कार्य करती हैं।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत जुर्डा के श्री पुरंधर यादव, श्री नेत्रानंद गुप्ता, श्री नेपाल प्रधान, श्री जयदेव ठाकुर सहित ग्राम पंचायत जुर्डा के गणमान्य नागरिक एवं बहु संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
सम्मान प्राप्ति के पश्चात सभी सदस्यों ने ग्राम पंचायत जुर्डा के गणमान्य नागरिकों एवं समस्त ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके बाद भजन-कीर्तन एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
“आधुनिकता के साथ संस्कार, युवावस्था के साथ धर्म और जीवन के साथ हरिनाम—यही हमारी संस्कृति की पहचान है।”