दंतेवाड़ा में पर्यावरण पर संकट: खनन के टेलिंग्स ढेर में दबे चार प्राकृतिक नाले, जंगल और वन्यजीवों के अस्तित्व पर मंडराया खतरा, जानें पूरा मामला...

दंतेवाड़ा । NMDC के टीलिंग्स डंप का पहाड़ खिसकने से जंगल, प्राकृतिक जलस्रोत और वन्यजीवों पर आई तबाही का एक सप्ताह बाद भी आकलन नहीं हो सका है. स्थानीय आदिवासियों का दावा है कि टीलिंग्स के मलबे में चार प्राकृतिक नाले पूरी तरह दब गए हैं. अब इन नालों के सिर्फ अवशेष दिखाई दे रहे हैं. करीब 10 किलोमीटर के जंगल में पेड़-पौधे, वन्यजीव और जलीय जीवों के अस्तित्व पर संकट आ गया है. ग्रामीणों का आरोप है कि टीलिंग्स के पहाड़ को जानबूझकर खिसकाया गया, लेकिन इसकी जिम्मेदारी लेने वाला कोई नहीं है. एनएमडीसी प्रबंधन और जिला प्रशासन ने सुरक्षा का हवाला देकर घटनास्थल पर लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी है. मीडिया को भी मौके पर जाने की अनुमति नहीं है. ऐसे में नुकसान की वास्तविक स्थिति सामने नहीं आ पा रही है. सेंट्रल गोंडवाना की टीम स्थानीय आदिवासियों के साथ जंगल के रास्ते डिपॉजिट-14 के पहाड़ तक पहुंची. दुर्गम जंगल और पहाड़ी रास्तों से गुजरने के बाद टीलिंग्स के खिसकने से हुई तबाही की तस्वीर सामने आई. ग्रामीणों के मुताबिक, मलबे ने जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया है. हिरौली पंचायत के पूर्व सरपंच कोसा का कहना है कि लोहा गांव इसी पंचायत में आता है. एनएमडीसी ने वर्षों से यहां के लोगों को विकास के नाम पर सिर्फ छल किया है. आयरन हिल के नीचे बसे गांवों के लोग आज भी लाल पानी पीने को मजबूर हैं. बच्चों में कुपोषण की समस्या है. अब कंपनी की गतिविधियों से आदिवासियों के जीवन और जंगल पर खतरा बढ़ गया है. उन्होंने कहा कि आज लोहा गांव प्रभावित हुआ है, कल पीडिया, पुरेंगेल, तामोड़ी और बेंगपाल जैसे गांवों की बारी हो सकती है. आखिर आदिवासी जाएं तो जाएं कहां?

'अपनी ही जमीन पर चोरों की तरह आवाजाही करनी पड़ रही'

स्थानीय आदिवासी नंदा कुंजाम का कहना है कि टीलिंग्स की इस तबाही ने पहाड़ के नीचे बसे गांवों में भय पैदा कर दिया है. अब सभी को एकजुट होकर इस संकट के खिलाफ लड़ना होगा, नहीं तो आने वाले समय में सभी प्रभावित होंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि प्राकृतिक नालों को बर्बाद कर दिया गया, लाखों पेड़ दब गए और वन्यजीवों तथा जलीय जीवों को भारी नुकसान पहुंचा है. आदिवासियों को अपनी ही जमीन और पहाड़ तक पहुंचने के लिए जंगल के रास्ते चोरों की तरह जाना पड़ रहा है. इससे बड़ी विडंबना क्या होगी? नंदा कुंजाम ने आरोप लगाया कि डिपॉजिट-4 और डिपॉजिट-14 में खनन शुरू कराने की तैयारी की जा रही है. इन परियोजनाओं के लिए ग्रामसभा के फर्जी प्रस्ताव बनाए गए हैं. समाज के पदाधिकारियों के साथ लगातार चर्चा चल रही है और जल्द ही आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी.

'यह प्राकृतिक भूकंप नहीं, एनएमडीसी की लाई तबाही'

समाजसेवी सोनी सोरी ने कहा कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाकर मानव जीवन को संघर्ष में डालना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर आदिवासी कब तक इस तरह जीवन जीने को मजबूर रहेंगे? कभी गोली मारकर उन्हें नक्सली बताया जाता है, तो कभी खनन और पर्यावरणीय तबाही के बीच उनका जीवन संकट में डाल दिया जाता है. सोनी सोरी ने कहा कि यह प्राकृतिक भूकंप नहीं, बल्कि एनएमडीसी की गतिविधियों से आई तबाही है. जंगल, जलस्रोत और आदिवासी जीवन की कीमत पर खनन किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जा सकता.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top Search

Most Read