कवर्धा । छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के तीन अलग-अलग वन परिक्षेत्रों में जंगली हाथियों की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने 20 गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है. तरेगांव वन परिक्षेत्र के बोक्करखार सर्किल अंतर्गत ढोलबज्जा बीट में 22 नवंबर को एक जंगली हाथी नजर आया, जिसके पश्चात कवर्धा वन परिक्षेत्र के आमनारा बीट के कक्ष क्रमांक 307 में हाथी की लीद और पदचिह्न मिले हैं.
बिगड़ते हालात के मद्देनजर वन अमले ने आमापानी, माचापानी, ढोलबज्जा, शक्तिपानी, धौराटोला, थूहापानी, चोड़चोड़ा, तेंदूपड़ाव, जमुनपानी, बोलदा, बावापथरा, खरिया, मुड़घुसरी, मांदीभाठा, छीरपानी जलाशय, अगरी, भीरा, खुरमुंदा, भलपहरी और महली में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही मुंडादादर सर्किल के ग्राम बाकी समेत अन्य जगहों पर मुनादी कराकर ग्रामीणों को अकेले जंगल की ओर न जाने की सलाह दी जा रही है.
क्षेत्र में वर्तमान में हाथियों के दो अलग-अलग दल विचरण कर रहे हैं, जिससे आमजन में भारी खौफ का माहौल है. इसमें से एक अकेला दंतैल हाथी है, जो जून महीने में अपने झुंड से अलग हो गया था और अब बेहद आक्रामक होकर इंसानों पर हमले कर रहा है.
इस बढ़ते आतंक के बीच बीते एक सप्ताह के भीतर हाथी के हमले में दो महिलाओं की जान जा चुकी है. वहीं, तरेगांव वन परिक्षेत्र के शंभू पीपर गांव में अचानक सामने आए हाथी को देखकर भागने के क्रम में किसान महेश अगरिया जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे उपचार हेतु अस्पताल में दाखिल कराया गया है.
एक तरफ जहां अकेला दंतैल जानलेवा साबित हो रहा है, वहीं दूसरी ओर चार हाथियों का एक अन्य दल ग्रामीणों की संपत्ति और आजीविका को भारी नुकसान पहुंचा रहा है. रविवार की रात इस चार सदस्यीय दल ने केसमरदा गांव में जमकर उत्पात मचाते हुए कई बैगा परिवारों के आशियाने ध्वस्त कर दिए.
यह झुंड खड़ी फसलों को रौंदने और धान के ढेरों को तहस-नहस करने में लगा हुआ है. पंडरिया वन परिक्षेत्र के रुकमणी दादर, चौगड्डा और ठाड़ पथरा क्षेत्रों में इस दल की निरंतर आवाजाही बनी हुई है, जिसके चलते स्थानीय निवासियों के लिए अपने खेतों तक पहुंचना और रोजमर्रा के काम निपटाना बेहद खतरनाक हो गया है.