दंतेवाड़ा । NMDC के टीलिंग्स डंप का पहाड़ खिसकने से जंगल, प्राकृतिक जलस्रोत और वन्यजीवों पर आई तबाही का एक सप्ताह बाद भी आकलन नहीं हो सका है. स्थानीय आदिवासियों का दावा है कि टीलिंग्स के मलबे में चार प्राकृतिक नाले पूरी तरह दब गए हैं. अब इन नालों के सिर्फ अवशेष दिखाई दे रहे हैं. करीब 10 किलोमीटर के जंगल में पेड़-पौधे, वन्यजीव और जलीय जीवों के अस्तित्व पर संकट आ गया है. ग्रामीणों का आरोप है कि टीलिंग्स के पहाड़ को जानबूझकर खिसकाया गया, लेकिन इसकी जिम्मेदारी लेने वाला कोई नहीं है.
एनएमडीसी प्रबंधन और जिला प्रशासन ने सुरक्षा का हवाला देकर घटनास्थल पर लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी है. मीडिया को भी मौके पर जाने की अनुमति नहीं है. ऐसे में नुकसान की वास्तविक स्थिति सामने नहीं आ पा रही है.
सेंट्रल गोंडवाना की टीम स्थानीय आदिवासियों के साथ जंगल के रास्ते डिपॉजिट-14 के पहाड़ तक पहुंची. दुर्गम जंगल और पहाड़ी रास्तों से गुजरने के बाद टीलिंग्स के खिसकने से हुई तबाही की तस्वीर सामने आई. ग्रामीणों के मुताबिक, मलबे ने जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया है.
हिरौली पंचायत के पूर्व सरपंच कोसा का कहना है कि लोहा गांव इसी पंचायत में आता है. एनएमडीसी ने वर्षों से यहां के लोगों को विकास के नाम पर सिर्फ छल किया है. आयरन हिल के नीचे बसे गांवों के लोग आज भी लाल पानी पीने को मजबूर हैं. बच्चों में कुपोषण की समस्या है.
अब कंपनी की गतिविधियों से आदिवासियों के जीवन और जंगल पर खतरा बढ़ गया है. उन्होंने कहा कि आज लोहा गांव प्रभावित हुआ है, कल पीडिया, पुरेंगेल, तामोड़ी और बेंगपाल जैसे गांवों की बारी हो सकती है. आखिर आदिवासी जाएं तो जाएं कहां?