NMDC L1-L2 भर्ती विवाद: परीक्षा तिथि तय न होने से भड़के बस्तर के युवा, 28 नवंबर से बचेली-किरंदुल प्रोजेक्ट बंद करने की चेतावनी...

जगदलपुर ।  बस्तर के दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिले के सैकड़ों युवाओं ने अपने रोजगार और अधिकारों की लड़ाई तेज कर दी है. NMDC की L1-L2 भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और परीक्षा की तारीख सुनिश्चित करने की मांग को लेकर युवा बेरोजगार संघ ने 28 नवंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन करने का बिगुल फूंक दिया है. युवाओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक सैकड़ों की संख्या में बेरोजगार युवा आंदोलन स्थल पर दिन-रात डटे रहेंगे. इस आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने के लिए युवाओं ने इससे पहले 17 नवंबर को भांसी में एक बड़ी बैठक आयोजित कर रणनीति बनाई थी. युवा बेरोजगार संघ के इस चरणबद्ध आंदोलन के तहत 28 नवंबर से NMDC की बचेली और किरंदुल परियोजना का काम बंद कराने की कोशिश की जाएगी. इस महाआंदोलन को सफल बनाने के लिए युवाओं ने क्षेत्र में प्रचार-प्रसार तेज कर दिया है और जगह-जगह पर्चे चस्पा करने शुरू कर दिए हैं. संघ की मुख्य मांग है कि L1-L2 भर्ती परीक्षा की तिथि जल्द से जल्द तय कर घोषित की जाए और भर्ती के लिए आवेदन करने वाले सभी युवा अपने हक के लिए इस मुहिम में साथ दें. संगठन का मानना है कि यह संघर्ष केवल एक भर्ती परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बस्तर के युवाओं के रोजगार, उनके अधिकारों और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा एक बड़ा मुद्दा है. संघ के अनुसार, भविष्य में NMDC में नए डिपॉजिट खुलने के साथ ही रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे, जिन पर स्थानीय युवाओं का अधिकार सुनिश्चित होना चाहिए. इस लड़ाई को व्यापक रूप देने के लिए दंतेवाड़ा युवा बेरोजगार संघ ने सभी राजनीतिक और सामाजिक मतभेद भुलाकर एक मंच पर आने का आह्वान किया है. संघ ने भाजपा, कांग्रेस, CPI, आम आदमी पार्टी और भीम आर्मी समेत तमाम राजनीतिक दलों से इस आंदोलन के लिए समर्थन मांगा है. इसके अतिरिक्त, बस्तरिया राज मोर्चा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों, ST, SC और OBC वर्ग के लोगों, व्यापारिक संगठनों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मूल निवासियों तथा NMDC कर्मचारियों के बच्चों और उनके परिवारों से भी इस आंदोलन में शामिल होकर युवाओं की आवाज मजबूत करने की अपील की गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top Search

Most Read