जशपुर । जशपुर जिले के तपकरा थाना अंतर्गत जामबहार गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर बरसों से चला आ रहा पारिवारिक विवाद शनिवार रात एक दर्दनाक वारदात में बदल गया. करीब दो दशकों से गांव में घर जमाई बनकर रह रहे 60 वर्षीय मनबोध मांझी ने संपत्ति के हिस्से को लेकर हुई बहस के बाद अपने ही भतीजे संतोष प्रधान की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी.
घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी जब्त कर ली है.
घटना की रात संतोष प्रधान जब अपने फूफा मनबोध के घर पहुंचा, तो दोनों के बीच जमीन के हिस्से को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आपा खो चुके मनबोध ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और संतोष के सिर तथा गर्दन पर दनादन कई वार कर दिए.
अत्यधिक खून बह जाने के कारण संतोष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. चीख-पुकार सुनकर जब मृतक की पत्नी सुमित्रा प्रधान आंगन में पहुंची, तो उसने पति को लहूलुहान अवस्था में पाया और पास ही आरोपी हथियार के साथ बैठा था.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची तपकरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा व पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई और आरोपी को हिरासत में ले लिया.
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी मनबोध ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह पिछले 20 सालों से ससुराल में रह रहा है और जमीन में अपना अधिकार चाहता था, जिसे देने से भतीजा लगातार इंकार कर रहा था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.