छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: चक्रधर चैंपियंस पर भारी पड़े मैनपाट टाइटंस, 3-1 से मुकाबला किया अपने नाम....

रायपुर ।  छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के नौवें मुकाबले में मैनपाट टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चक्रधर चैंपियंस को 3-1 से शिकस्त दी. इस धमाकेदार जीत के साथ ही मैनपाट टाइटंस टूर्नामेंट की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि चक्रधर चैंपियंस को इस टूर्नामेंट में अपनी पहली हार का सामना करना पड़ा. मुकाबला काफी हाई-प्रोफाइल रहा, जिसमें छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध निदेशक सौमिल चौबे, भारतीय तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष कैलाश मुरारका, जिंदल समूह के उपाध्यक्ष यूपी सिंह और छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे. मैच के पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने सधी हुई शुरुआत की और एक-दूसरे के खेल को भांपने में जुटी रहीं. इस दौरान रक्षात्मक रणनीति के चलते कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी. मैनपाट के डिफेंडरों ने चक्रधर के स्टार फॉरवर्ड एसवी सुनील और युवराज वाल्मीकि की जोड़ी को बांधकर रखा. हालांकि, दूसरे क्वार्टर में खेल ने गति पकड़ी और युवराज वाल्मीकि ने दो डिफेंडरों को चकमा देते हुए गोलकीपर अल्फाज खान को मात देकर चक्रधर चैंपियंस को 1-0 की बढ़त दिलाई. लेकिन यह खुशी ज्यादा देर नहीं टिकी और ठीक चार मिनट बाद मैनपाट टाइटंस के संदीप कुमार ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया. तीसरे क्वार्टर में मैनपाट टाइटंस ने चक्रधर को चौंकाते हुए बढ़त हासिल कर ली. डिफेंडर आनंद लकड़ा ने अपने हाफ से बेहतरीन पास दिया, जिसे साहिल खाखा ने विपक्षी गोलकीपर वैभव सिंह चंदेल को छकाते हुए नेट में डाल दिया. इसके बाद अंतिम क्वार्टर में संदीप कुमार ने अपने दूसरे पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर मैनपाट की 3-1 से जीत पक्की कर दी. मैनपाट की इस जीत की मुख्य कुंजी मिडफील्ड में एसवी सुनील की कड़ी घेराबंदी रही, जिससे चक्रधर का अटैक पूरी तरह बेअसर साबित हुआ. वहीं दिन के एक अन्य रोमांचक मुकाबले में बैलाडिला बुल्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के बीच खेला गया मैच 5-5 की बराबरी पर छूटा. बैलाडिला के गोलकीपर जसकरण सिंह ने पांच शानदार बचाव किए, लेकिन दोनों ही टीमें अब भी टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत की तलाश में हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top Search